उरई। दहेज को लेकर विवाहिताओं के अमानवीय उत्पीड़न की घटनाएं थमने का नाम नही ले रही हैं। जालौन में एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने दहेज में आल्टो कार की व्यवस्था मायके से न कराने पर मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।
मिले विवरण के अनुसार जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदवां निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शिप्रा का विवाह दो वर्ष पहले झांसी जनपद के सदर बाजार थाना अंतर्गत आजाद नगर में आजाद पुत्र देवेंद्र मौर्य के साथ किया था। विवाह की शुरूआत में सब कुछ ठीकठाक रहा लेकिन कुछ महीनों बाद उनकी बेटी के ससुर देवेंद्र, पति अरविंद और सास कुंती ने उससे यह रट लगा दी कि वह अपने पिता से अल्टो कार की व्यवस्था अरविंद के लिए कराये। उनकी स्थिति को देखते हुए जब शिप्रा ने ऐसा कराने में असमर्थता प्रकट की तो ससुराल वालों ने गाली-गलोज करते हुए उसे मारापीटा और घर से निकाल दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि शिप्रा इन दिनों बनारस में बीटीसी की ट्रेनिंग कर रही है। ससुराल वाले वहां भी बबाल फैलाने में नही चूंक रहे। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच की बात कही है।

Leave a comment