
कालपी-उरई । कोतवाली कालपी में बीती रात पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम की अध्यक्षता में कालपी कोतवाली तथा कदौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के साथ अपराध समीक्षा बैठक संपन्न हुई जिसमें लम्बित विवेचनाओं पर नाराजगी प्रकट करते हुए शीघ्र निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम की अध्यक्षता में सोमवार की रात्रि में कालपी में चली अपराध समीक्षा बैठक में कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा तथा उपनिरीक्षकों के पास करीब चार दर्जन विवेचनायें लम्बित होने की जानकारी पर उनका शीघ्र से शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि वांछित चल रहे अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी की जाये। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी। इसके अलावा उन्होंने कदौरा थाने की करीब पांच दर्जन विवेचनाओं के लम्बित होने पर नाराजगी प्रकट की। पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के शिकायती पत्रों के निस्तारण का जायजा लिया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री संदर्भित एंव शासन के द्वारा संदर्भित आईजीआरएस के प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की वास्तविक हकीकत परखी। मीटिंग के दौरान मौजूद दोनों थाना क्षेत्र के पुलिस के अधिकारियों को अपने-अपने हलका क्षेत्र में अपराधों को रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा के अलावा इंस्पेक्टर प्रभूनाथ सिंह, उप निरीक्षक मनोज गुप्ता, सर्वेश सिंह, सुशील पाराशर,शिव शंकर सिंह कदौरा सब इंस्पेक्टर शिव प्रसाद दुवे, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सैनी, सतेन्द्र कुमार द्विवेदी, दीवान अमर सिंह, कौशलेंद्र सिंह,कैलाश,मनोज ,जसविंदर आदि पुलिस विभाग के लोग मौजूद रहे।






Leave a comment