
जालौन। एक सप्ताह से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण शहर पानी पानी हो गया है। जगह जगह जलभराव हो गया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान भी गिरने लगे हैं।

बारिश अब परेशानी का कारण बनने लगी है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नाले उफनाने लगे हैं जिसके कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बिरिया खेड़ा हनुमान मंदिर के रास्ते पर औरैया मार्ग पर बना रपटा पर 8-10 फुट ऊपर पानी बह रहा है। इसी तरह सींगपुरा सहाव को जाने वाले प्रतापपुरा के पास बह रहे नाला पर बने पुल पर कई फुट ऊपर पानी बह रहा है जिसके कारण यह मार्ग बंद है। इसी तरह परवई नाला उफनाने से औरेखी, शेरपुरा, चाकी मार्ग बंद हो गया है जिसके कारण ग्रामीणों को सडक़ तक आने में परेशानी हो रही है।

लगातार बारिश से भरभरा कर गिरे कच्चे मकान
बारिश के कारण नगर के कई इलाकों में जल भराव हो गया है। उरई रोड स्थित आवास विकास कालोनी जलमग्न हो गयी है। कालोनी में जलभराव होने के कारण एलआईसी के स्थानीय कार्यालय की बाउन्ड्री भर भरा कर गिर गयी है। लगातार बारिश के कारण ग्राम प्रतापपुरा निवासी सोमवती कुशवाहा पत्नी निकसाई तथा उजागर कुशवाहा पुत्र गिरधारी, ठाकुर कुशवाहा पुत्र राजाराम तथा चन्द्र प्रकाश साहू पुत्र देवीदीन के कच्चे मकान सोमवार की रात भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि किसी प्रकार की हानि नहीं हुई। उधर ग्राम औरेखी में सुखलाल प्रजापति पुत्र छोटेलाल, मुन्नेश कुमार पुत्र रामदास दोहरे, गिरजा देवी पुत्र स्व. कमलेश वाल्मीकि व रामप्रकाश पुत्र गणपत के घरों की दीवारें गिर गई जबकि राकेश कुशवाहा व राघवराम, कमलाकांत पुत्र स्व. ईश्वर दयाल, कमलेश कुमार दोहरे पुत्र बालाराम, शीला देवी, अरविंद कुमार का मकान गिर गया।






Leave a comment