
कोंच-उरई । तहसील क्षेत्र में पिछले दिनों हुई भीषण बारिश और अब जारी बूंदाबांदी के कारण दो घर जमींदोज हो गये हैं। हालांकि इन हादसों में जन हानि नहीं हुई लेकिन एक व्यक्ति घर के मलबे में दब कर घायल जरूर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम में पडऱी में रुक रुक कर बारिश होने के कारण दो घर भरभरा कर गिर गये जिसमें घर के अन्दर रखे गल्ला पानी सहित गृहस्थी का पूरा सामान मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि घर रात में न गिरकर सुबह तकरीबन सात बजे के आसपास गिरे जिससे घर के लोग सुरक्षित रहे। अगर यह घटना रात में होती तो बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। एक घर कैलाश रानी पत्नी कालूराम अहिरवार और दूसरा मकान पप्पू प्रजापति का था जिसमें इन परिवारों का भारी नुकसान हुआ है। गौरतलब यह भी है कि ग्राम पडऱी में पिछले दिनों की बारिश में भी कमोवेश आधा दर्जन घर गिरे थे जिनका प्रशासन ने कोई सर्वे नहीं कराया था। दूसरी घटना कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम गेंदोली की है जहां बीती रात लगभग साढे आठ बजे बलईं (54) पुत्र शिवदीन जो घर में अकेला ही रहता है, खाना खा रहा था तभी उसका कच्चा घर धराशाई हो गया और बलईं भी उसके मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने दौड़ कर उसे निकाला तो वह घायल हो गया था। घायल के बारे में बताया गया कि काफी गरीब है और मजदूरी करके पेट भरता है। गौरतलब है कि गेंदोली के किनारे से बंगरा शाख निकलती है जो आजकल ओवरफ्लो जा रही है जिसके चलते इसका पानी आसपास के गांवों के भीतर तक जा पहुंचा है।
घुटनों तक पानी में से निकल कर स्कूल पहुंचे बच्चे
भारी बारिश के कारण सरकारी और गैरसरकारी प्रतिष्ठानों में पानी पहुंचने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पडऱी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के परिसर में पानी भर गया है जिसके चलते स्कूल के टीचरों और बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में घुटनों पानी में घुस कर जाना पड़ रहा है। इस जल भराव के कारण छोटे बच्चों और दिव्यांग मास्साब को काफी कठिनाई होती है। शिक्षक दिलीप का कहना की खंड शिक्षा अधिकारी को कई दफा इस समस्या के संबंध में पत्र दे चुके हैं लेकिन इस ओर किसी का ध्यान ही नहीं जा रहा है। प्रधान से भी कई बार जल निकासी के बारे कहा गया लेकिन उनका भी रवैया काफी उदासीन रहा। प्रधान राजकिशोर का कहना है कि शासन से उन्हें कुछ मिल ही नहीं रहा है तो वह कहां से मिट्टी भरबा दें और पाईप लगबा दें।






Leave a comment