
उरई। यूपी इलेक्शन वाच व एडीआर की ओर से गंगाधर पांडेय श्रवण कुमार द्विवेदी महाविद्यालय कुठौंद में मतदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जनता के प्रत्याशी के रुप में जीते जिला पंचायत सदस्य अशोक कुमार बुद्धे कोरी तथा सात महिला व सात पुरुष मतदाताओं का प्रतीक रुप से अतिथियों ने शील्ड व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कालेज के सभागार में मंगलवार को आयोजित इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि डीआईओएस भगवत पटेल ने कहा कि जिस तरह से यहां के सम्मानीय मतदाताओं ने अपने वोट की कीमत जानकर पल्लेदार बुद्धे कोरी को जिला पंचायत सदस्य का प्रत्याशी बनाया और उसे जिताया। वह प्रेरणादाई है और यह संस्था इस प्रेरणादाई कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर समाज में नई क्रांति लाने की शुरुआत कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने वोट की कीमत समझकर मतदान करना है। क्योंकि कम मतदान के कारण सिर्फ बीस फीसदी वोट पाकर चुनाव जीते प्रत्याशी जनता पर शासन करते हैं। जबकि उन्हें 80 फीसदी जनता ने वोट नहीं दिया है।
यूपी इलेक्शन वाच के प्रदेश समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा कि मतदाता अगर चाह लेंगे तो धनबली व बाहुबली प्रत्याशी की जगह जनबली प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। अतर्रा, तालबेहट, उरई की नगर पालिकाओं तथा गरौठा विधानसभा क्षेत्र तथा कुठौंद जिला पंचायत क्षेत्र के मतदाताओं ने जिस तरह धनबली व बाहुबली प्रत्याशी को नकार कर जनबली प्रत्याशियों को जिताया है। वह सराहनीय है। एडीआर संस्था जनता के इस साहस को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह मतदाताओं सम्मानित कर रही है। क्योंकि मतदाताओं की ताकत के आगे सब बौने हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मांगपत्र बनाकर जनप्रतिनिधियों पर जनदबाव बनाना चाहिए।
रेंढर की जिला पंचायत सदस्य नम्रता तिवारी दीक्षित ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों से काम लेने का हक जनता का है। जनप्रतिनिधियों से सवाल कर जवाब मांगने का भी अधिकार है। प्रजा को प्रभु बनाने की कोशिश जागरुकत लोगों को करनी चाहिए। कालेज के प्रबंधक श्रवण कुमार द्व्विेदी ने कहा कि इस सराहनीय कार्यक्रम को देखकर घोषणा की कि मतदाताओं को जागरुक करने तथा धनबली व बाहुबली प्रत्याशियों को हराने की इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए वे जल्द ही जगम्मनपुर डिग्री कालेज में इसी तरह वृहद कार्यक्रम कराएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण शुक्ला ने कहा कि नोटा व मांगपत्र जैसे मुद्दों को और हवा देकर राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों पर जनदबाव बनाने का काम करना चाहिए। इस मौके पर कालेज के प्राचार्य डा. आरएन दुबे, जनता सनातन इंटर कालेज कुठौंद के प्रधानाचार्य जगदीश शुक्ला, शशि शेखर दुबे, उर्मिला द्विवेदी, बुद्ध सिंह पटेल, वीरेंद्र दुबे, मदन दौहेलिया, राजकुमार त्रिपाठी,रानू शुक्ला, दीपक दुबे, कुलदीप मिश्रा, आदि ने भी विचार रखे।
इन मतदाताओं का हुआ सम्मान
ममता, मिथलेश कुमारी, किरन, मालती, अंगूरी, राधा, रवींद्र, लखन, गनी खां, विनोद कुमार, किशुन, दीपा सिंह, मुहम्मद इशहाक, कमलेश यादव समेत 14 मतदाताओं को शील्ड व प्रमाणपत्र देकर एडीआर की ओर से अतिथियों ने सम्मानित किया गया।
21 रुपये भी नहीं थे चुनाव लडऩे को-बुद्धे कोरी
उरई। कार्यक्रम में अपने सम्मान पर भावुक हुए जिला पंचायत सदस्य अशोक कुमार बुद्धे कोरी ने बताया कि एक राजनैतिक दल ने टिकट के नाम पर उनसे ढाई लाख रुपये मांगे थे तो उन्होंने यह कहकर रुपये देने से इंकार कर दिया कि उनके पास तो 21 रुपये भी नहीं है। बाद में मतदाताओं ने बाहुबली व धनबली प्रत्याशियों के मुकाबले उन्हें जनबली प्रत्याशी बनाकर चुनाव लड़ाया ही नहीं बल्कि जिताया। लोगों ने वाहन का इंतजाम किया। चुनाव लडऩे के लिए धन भी खर्च किया। वे मतदाताओं का सम्मान करते उनकी हर समस्या के लिए संघर्ष करता हैं और करते रहेंगे। वे आज भी पल्लेदारी का काम करते हैं।






Leave a comment