उरई। सिरसाकलार थाने के ग्राम लौना में निस्तार के लिए खाली पड़ी पीड़ित की जमीन पर पड़ोसियों ने प्रधान की शह पर कब्जा कर लिया। जिससे बरसात में जल निकासी न होने के कारण पानी घर के अंदर घुस गया और उसका गल्ला आदि सामान डूब गया। पीड़ित ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर आकर प्रशासन से इसकी शिकायत की।
लौना निवासी रामवती देवी पत्नी ताराचंद ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम को सौंपा जिसमें बताया गया है कि उसकी अपने निस्तार के लिए खाली छोड़ी गई जमीन पर पड़ोसी चंद्रप्रकाश व राघवेंद्र उर्फ रिंकू पुत्रगण दशरथ सिंह और विक्रम सिंह पुत्र राजाराम कब्जा कर रहे हैं। जिससे बरसात के पानी की निकासी न हो पाने के कारण प्रार्थी के घर में पानी घुस जाने से भारी नुकसान हुआ। रामवती का कहना है कि आरोपियों को ग्राम प्रधान देवेंद्र कुमार से शह मिली हुई है। इसलिए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाये।
सिटी मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार कालपी और थानाध्यक्ष सिरसाकलार को मौके पर जाकर जांच करने और पीड़िता को राहत दिलाने के लिए कहा है।

Leave a comment