उरई। आटा थाने के ग्राम संदी में रात में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद दहशत का माहौल है। जिसको देखते हुए कई थानों का फोर्स और पीएसी की तैनाती कर गांव को छावनी बना दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना रात लगभग 1 बजे हुई। जब अज्ञात असलाहाधारी अपराधियों ने गांव में मस्जिद के बगल में अपने मकान के सामने चारपाई पर सो रहे आजाद (58वर्ष) को सिर में गोली मारकर मौत के नींद सुला दिया। इसके बाद बदमाशों ने आरसीसी की सड़क के बगल में अपने चबूतरे पर सो रहे भूरे (25वर्ष) पुत्र सोबरन पाल को निशाना बनाया और उसके पेट में गोली मार दी। आगे चलकर इसी रोड पर अपनी बच्ची को शौंच के लिए ले जा रहे जीशान (45वर्ष) ने बदमाशों को टोकने की गलती कर दी तो बदमाशों ने उसके भी पेट में गोली मार दी। इसके बाद अपने मकान का दरवाजा खोलकर सो रहे बाला (62वर्ष) को भी उसके टोक देने पर निशाना बना दिया।
बदमाशों ने अपनी बच्ची को लैट्रिन कराने निकली जयदेवी उर्फ हंसा पर भी गोली चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इन घटनाओं से पूरा गांव थर्रा कर रह गया। भूरे पाल और जीशान की हालत पेट में गोली लगी होने की वजह से बेहद नाजुक है जिससे दोनों को उपचार के लिए कानपुर ले जाया गया है।
आतंकवादी कार्रवाई जैसी नजर आने वाली यह वारदात किन लोगों ने और किस उददेश्य से की है यह रहस्य बना हुआ है। मरने वाले और घायलों में से किसी की कोई रंजिश नही थी। सभी गरीब किसान परिवार से हैं। इसलिए पुलिस को घटना की तह में पहुंचने के लिए बेहद मशक्कत करनी पड़ रही है। डीआईजी झांसी सुभाष बघेल और एसपी जालौन अमरेंद्र प्रसाद सिंह खुद दिन भर छानबीन की मशक्कत करते रहे लेकिन कोई सार नही निकला। विधायक कालपी नरेंद्र पाल सिंह जादौन भी मौके पर पहुंचे।

Leave a comment