उरई। थाने के खराब इनवर्टर को सुधारने से मना करना दुकानदार को मंहगा पड़ गया। पुलिस दुकानदार और उसके साले को रात में ही थाने उठा लाई। इतने पर ही खाकी का गुस्सा शांत न हुआ। पुलिस ने दोनों की थाने के अंदर बर्बर पिटाई की। जिसमें दुकानदार के रिश्तेदार का कान का पर्दा फट गया। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की।
माधौगढ़ कस्बा के मुख्य बाजार में राजवत टीवी सेंटर की दुकान है। जिसमें उसका मालिक अवधेश सिंह अपने साले सुमित सिंह सेंगर निवासी जमालीपुर थाना कुठौंद के साथ काम करता है। दो दिन पहले माधौगढ़ थाने का इनवर्टर खराब हो गया जिस पर सिपाही सोमेश यादव राजावत टीवी सेंटर पर पहुंचा और दुकानदार की नामौजूदगी में उसके साले सुमित सिंह (24वर्ष) से किसी को इनवर्टर ठीक कराने के लिए थाने भेजने को कहा। सुमित ने कहा कि वह इनवर्टर ठीक करना नही जानता। इसलिए थाने नही जा पायेगा। उसके जीजा आ जाये ंतब उन्ही से बात करना। इस पर नाराज होकर सिपाही ने थाने से फोन करके गाड़ी मंगा ली। सुमित के अलावा शैलेंद्र कुमार (50वर्ष) निवासी डिकौली भी दुकान पर बैठे थे जो कि अवधेश के बड़े भाई हैं। दोनों को पुलिस उठाकर थाने ले आई जहां उनकी पिटाई की गई। बाद में उनको निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
इस बीच घर आने पर देर रात सुमित के कान में जोर से दर्द हुआ तो परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। स्थानीय अस्पताल से रेफर किये जाने पर उसे जिला अस्पताल में लाया गया जहां डाक्टर ने देखने के बाद बताया कि पिटाई के कारण उसके कान का पर्दा फट गया। पीड़ित ने पुलिस की इस बर्बरता की शिकायत उच्चाधिकारियों को भेजी है।

Leave a comment