उरई, 03 अगस्त (हि.स.)। गोपाल गंज स्थित गहोई धर्मशाला में राष्ट्रकवि मैथलीशरण गुप्त की प्रतिमा का अनावरण प्रदेश के स्टांप पंजीयन और नागरिक उडडयन मंत्री नंदगोपाल नंदी ने किया। इस अवसर पर गहोई सेवा मंडल द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया।
मंत्री का कार्यक्रम सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था। लेकिन कानपुर से ही जगह-जगह उनके स्वागत की शुरूआत हो गई। जिसके चलते वे लगभग 4 बजे गहोई धर्मशाला के कार्यक्रम में शामिल हो पाये। मंत्री के आते ही घंटों से इंतजार कर रही भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। जिससे आयोजकों को व्यवस्था बनाये रखने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
इस अवसर पर मंत्री ने मैथलीशरण गुप्त को वैश्य समाज के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि अपने काव्य ग्रंथों से राष्ट्रकवि ने देश की संस्कृति का गौरव बढ़ाया। जिसके लिए पूरा देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी जमकर बखान किया।
मंत्री का स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के समीप गहोई समाज के प्रमुख स्तंभ प्रमोद गुप्ता के यहां पहुंचे। राजेंद्र नगर में बंबी रोड पर राकेश गुप्ता के आवास पर भी उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रमों में वैश्य एकता परिषद से जुड़े प्रदीप गुप्ता, आशीष गुप्ता, प्रेमनारायण गुप्ता, गौरव प्रसाद, डा. संजय गुप्ता, अपूर्व गुप्ता, अनिल गुप्ता, सुशील गुप्ता और पवन गैंड़ा आदि उपस्थित रहे। माधौगढ़ के विधायक मूलचंद्र निरंजन और उरई नगर पालिका के अध्यक्ष अनिल बहुगुणा आदि भी उनके साथ रहे।






Leave a comment