उरई। शनिवार को डीवी डिग्री कालेज के सामने प्रवेश समस्या को लेकर एक बार फिर आंदोलित हुए छात्रों ने सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। बबाल बढ़ने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में प्राचार्य डा. आनंद खरे ने उनके बीच आकर समस्या के समाधान के लिए विश्वविद्यालय में बात करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर धरना समाप्त हो सका।
गौरतलब हैं कि गत 28 जुलाई को भी छात्र तब आक्रोशित हो गये थे जब आनलाइन प्रवेश आवेदन का समय होने के बावजूद बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट बंद कर दी गई थी। साथ ही उन्हें इस बात पर भी नाराजगी थी कि डीवी कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की सीटें बढ़ाने का आश्वासन पूरा करने के लिए भी कोई कदम नही उठाया जा रहा है।
छात्रों के उग्र होने पर सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम सीओ सिटी संतोष कुमार के साथ भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंची थीं। लेकिन उन्होंने बल प्रयोग की बजाय प्राचार्य कक्ष में छात्र नेताओं को बैठाकर बात की। उनके सामने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुल सचिव का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे झांसी के सिटी मजिस्ट्रेट से भी बात की। इस घटनाक्रम के बाद छात्र नेता ठंडे पड़ गये थे।
लेकिन आज छात्र फिर सड़कों पर उतर आये। छात्र नेताओं का कहना था कि आश्वासन के मुताबिक न तो वेबसाइट खोली गई है और न ही बीएससी प्रथम वर्ष में सीटें बढ़ाई गईं। उन्होंने इसे छल ठहराते हुए बबाल शुरू कर दिया। खबर पाकर डिप्टी गंज चैकी इंचार्ज साबिर अली फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को मनाने का प्रयास किया। इस बीच प्राचार्य डा. आनंद खरे को भी बुलवा लिया गया। जिन्होंने विश्व विद्यालय में बात करके छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उनके काफी मनाने पर अंततोगत्वा धरना खत्म कर जाम हटा दिया गया। धरने में अंकित रावत, जितेंद्र यादव, निर्मल तिवारी, शरद यादव, दीपराज द्विवेदी, उदय कांत द्विवेदी, आसना यादव, शिवम चैहान, जयेंद्र यादव, आशीष यादव और गांधी महाविद्यालय छात्र संघ के निवर्तमान अध्यक्ष लोकेश राजपूत और विकास राजपूत खरका आदि प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a comment