जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौन्दा  बुजुर्ग में सात वर्ष पूर्व प्रधान व प्रधानाध्यापिका द्वारा मध्याह्न भोजन के सरकारी धन का दुरुपयोग किया था। ग्रामीण कि शिकायत पर प्रधान व प्रधानाध्यापिका ने ग्रामीण के साथ गालीगलौज की थी तथा जान से मारने की धमकी दी थी। पीडि़त ने जब इसकी शिकायत पुलिस से की थी जब पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की तो उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर शिक्षिका तथा प्रधान के खिलाफ गालीगलौज, जान से मारने की धमकी दी तथा सरकारी धन का दुरुपयोग का मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है।

कुठौन्दा बुजुर्ग निवासी नरेश सिंह पुत्र शिवपाल सिंह ने 1अगस्त 2016 को एक प्रार्थना पत्र कोतवाली पुलिस को दिया था जिसमें शिकायत की थी कि प्राथमिक विद्यालय कुठौन्दा बुजुर्ग की प्रधानाध्यापिका प्रियंका पांचाल तथा प्रधान दिनेश कुमार मध्याह्न भोजन के सरकारी धन को बर्बाद कर रहे हैं। 5 सितम्बर 2011 को शिक्षक दिवस के मौके पर 70 बच्चों की उपस्थिति दिखाकर भोजन का खर्चा दिखाया गया। इतना ही नहीं 13 मई 2012 को रविवार का अवकाश होने के बाद भी 45 बच्चों की उपस्थिति दिखा कर मध्याह्न भोजन बना हुआ दिखाया गया है। मध्याह्न भोजन के सरकारी धन की हो रही बंदरबांट की शिकायत जब प्रधान व प्रधानाध्यापिका से की तो उन्होंने गालीगलौज करने लगे तथा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। जब पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण ने 3 अगस्त 2016 को इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई न किये जाने पर ग्रामीण ने न्याय पाने के न्यायिक मजिस्ट्रेट का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पूर्व प्रधान दिनेश कुमार तथा तत्कालीन प्रधानाध्यापिका प्रियंका पांचाल के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग तथा गालीगलौज व जान से मारने की धमकी दिये जाने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक उमेश सिंह को दी गयी है।

 

 

Leave a comment