उरई। ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति की अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में विकास भवन में आहूत की गई जिसका संचालन जिला मंत्री रामबिहारी वर्मा ने किया।

कार्यवाहक अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत खुले में शौच मुक्त करने का संगठन समर्थन करता है किंतु समयबद्ध लक्ष्य को पूर्ण करने में जो कठिनाइयां आ रही हैं उनके समाधान का कोई भी प्रयास प्रशासन द्वारा नहीं किया जा रहा है। जैसे लाभार्थी अपने शौचालय निर्माण में पर्याप्त रुचि नहीं लेते हैं। वर्तमान में बालू खनन पर पूर्णत रोक है। बालू के बिना शौचालय कैसे बन सकते हैं। जनपद में वर्षा के कारण निर्माणाधीन गड्ढे वर्षा जल से भर चुके हैं। इन समस्याओं को जब उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाता है तो वह कहते हैं कि हम कुछ नहीं सुनना चाहते हमें समय पर पूरा लक्ष्य हासिल करना है। ये स्थितियां काफी विसंगतिपूर्ण हैं इन्हें दूर किया जाना चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन तिवारी ने कहा कि वास्तविक व व्यवहारिक कठिनाइयों को प्रशासन द्वारा सुना जाना चाहिए व कार्यों के क्रियान्वयन हेतु पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। प्रवीर रत्नम ने कहा कि वर्तमान में 15 अगस्त तक वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम होना है। यदि पौधों को बिना तार फेनसिंग सुरक्षा या ट्री गार्ड के लगाया जाता है तो पौधे सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। ऐसी स्थिति में वृक्षारोपण के लिए तार फेनसिंग व ट्री गार्ड की संपूर्ण व्यवस्था करवाई जानी चाहिए। साथ ही अच्छी किस्म के फलदार पौधों को बंटवाने की अनुमति मिलनी चाहिए। संदीप गुप्ता ने कहा कि बिना पर्याप्त समय दिए कार्यों को पूर्ण कराने हेतु कहा जाता है व दबाव बनाया जाता है जो कि गलत है। मेहबरान सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली हेतु 9 अगस्त के धरने में उपस्थित रहने की अपील की। बैठक में अजय कुमार गुप्ता, अमर सिंह, मेहरबान सिंह, पवन तिवारी, गंधर्व सिंह, रामकुमार, सैयद नौशाद अली, देवीशरण सोनी, प्रमोद कुमार स्वर्णकार, द्वारिका प्रसाद गुप्ता, दयाशंकर वर्मा, महेंद्र कुमार, देवेंदर कुमार, मनोज कुमार आदि ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

 

Leave a comment