कदौरा-उरई। बहुजन समाज पार्टी के बैनर से निर्वाचित हुए कस्बे के नगर पंचायत अध्यक्ष जमीर आलम ने सोमवार को बेरी रोड स्थित कांशीराम गरीब कालोनी का भ्रमण कर कालोनी के बाशिंदों की समस्यायें सुनीं।
प्रत्येक नगर में कांशीराम कालोनी का निर्माण बसपा सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती का ड्रीम प्रोजेक्ट था। जिसमें गरीबों को निःशुल्क आवास बेहतर नागरिक सुविधाएं विकसित करके दिये गये थे। लेकिन वर्तमान में कांशीराम कालोनियों का बुरा हाल है।
मोहम्मद जमीर आलम आज जब यहां की कांशीराम गरीब कालोनी में पहुंचे तो बाशिंदों की पीड़ा उनके सामने मुखर होकर फूट पड़ी। कालोनी के लोगों ने बताया कि उनकी लाइट पहले ही कटवा दी गई थी। जिससे वे बिजली, पानी की भीषण समस्या का सामना कर रहे हैं। रास्तें में कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। जिसकी वजह से आवागमन में कठिनाई हो रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कटी लाइन जुड़वाने सहित कांशीराम कालोनी के बाशिंदों की सभी समस्यायें हल कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सभासद शाकिर खान, इस्तियाख अली, मोहम्मद इमरान, मुराद बख्स और खुशनसीब सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment