उरई। आटा थाना क्षेत्र में दहेज को लेकर विवाहिता की गुजरात ले जाकर उसके पति द्वारा हत्या कर दी जाने की शिकायत उसके पिता ने लिखित में की है पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
हमीरपुर जिले के थाना जलालपुर के भेंड़ी डांडा निवासी बाबूराम ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसने 7 मई 2014 को अपनी लड़की रामवती का विवाह आटा थाने के मोहर देवी गांव में कालीदीन पुत्र शंकर निषाद के साथ किया था। विवाह के कुछ ही दिनों बाद कालीदीन और उसके घर के लोग उसकी लड़की से मायके से मोटर साइकिल और गैस दहेज में मंगाने की बात करने लगे। चूंकि उसकी आर्थिक हालत बेहद कमजोर है इसलिए लड़की के ससुराल वालों की यह मांग पूरी करना उसके बस में नही था।
इसे लेकर रामवती पर ज्यादतियों का कहर बरसाना शुरू कर दिया गया। सास गंगिया, ससुर शंकर, देवर श्यामबाबू भी रामवती के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने व घर से निकालने की धमकी देने में शामिल रहते थे। लेकिन वह मजबूर था इसलिए कुछ नही कर सका।
दो माह पूर्व कालीदीन रामवती को फुसलाकर गुजरात ले गया। जहां वह उसके साथ रोजाना मारपीट करता रहा। इसी दौरान गत 4 अगस्त को उसने रामवती को दारू पीकर मार डाला। कालीदीन ने खुद इसकी जानकारी दिल्ली में मजदूरी कर रहे उसके पुत्र को दी। बाबूराम ने पुलिस से गुजारिश की है कि ऐसे बहशी ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेजें।

Leave a comment