कालपी-उरई। सोमवार को उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने जहां नगरीय क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण करके शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया और शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिये।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर के निर्देशन में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था की हकीकत को परखने के लिए विद्यालयवार लेखपालों की डयूटी लगाई गई है। जिसकी मानीटरिंग खुद उप जिलाधिकारी कर रहे हैं।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने स्थानीय मोहल्ला सदर बाजार में परिषदीय विद्यालय में पहुंचकर छात्रांकन तथा उपस्थित छात्रों के रजिस्टर का मिलान किया और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था को परखा। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्या शैल विश्नोई को आवश्यक निर्देश दिये।
इसके बाद उप जिलाधिकारी अलीगंज स्थित कन्या मिडिल स्कूल पहुंचे। जहां उन्होंने छात्राओं का इम्तहान लिया। प्रधानाचार्या संगीता श्रीवास्तव ने उन्हें पठन-पाठन की व्यवस्था से अवगत कराया।
उप जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिये कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर उत्कृष्ट बनाया जाये। विद्यालय की व्यवस्था में हीला-हवाली को किसी भी तरह बर्दास्त नही किया जायेगा। उप जिलाधिकारी के इस अभियान से स्कूलों के शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Leave a comment