उरई। तहसील दिवस पर मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव, पुलिस परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक सुभाष बघेल के साथ तहसील में पहुंची। लेकिन उस समय तेज बारिश हो रही थी जिसके कारण उन्हें फरियादियों का इंतजार करना पड़ा लेकिन कोई फरियादी उनके रुके रहने तक नही आया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में आकर पौध रोपण किया और बाद में विभिन्न विभागों के साथ आईआरजीएस की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की।
इस मौके पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर एवं पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद भी मौजूद रहे। वैसे कुल मिलाकर तहसील दिवस में 121 शिकायती पत्र आयें जिसमें 11 शिकायती पत्र का मौके पर ही समबन्धित विभाग के अधिकारियों को बुलाकर निस्तारण कराया गया। शिकायती प्रार्थना पत्रों में राजस्व विभाग, वन विभाग, विद्युत, पुलिस, प्रधानमंत्री आवास योजना, नगर पालिका परिषद, शौचालयों सम्बन्धित ज्यादातर शिकायती पत्र आये।
उधर अपनी उपस्थिति के दौरान आयुक्त ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रार्थना पत्रों को गम्भीरता से लिया जाये और जल्द से जल्द इनका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पीड़ित को बार-बार परेशान न होना पड़े।
कलेक्ट्रेट में पौधरोपण के बाद मंडलायुक्त ने बिनौरापुर के पौध रोपण में महती योगदान करने वाले युवाओं को खेलकूंद की किट देकर प्रोत्साहित किया। इन युवाओं ने गांव में अपने खर्चे से पेड़ लगवाकर उनकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड की व्यवस्था भी की थी। मंडलायुक्त ने कहा कि ऐसे युवा रोल माडल हैं। अन्य लोगों को भी पर्यावरण सुरक्षा के लिए उनका अनुकरण करना चाहिए।
उधर पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष बघेल ने पुलिस लाइन में आरटीसी का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

Leave a comment