उरई। जनपद न्यायालय परिसर में मंगलवार को एक वरिष्ठ अधिवक्ता के चैंबर में युवती द्वारा ब्लेड से अपना हाथ काटे जाने के कारण अफरा-तफरी फैल गई। अधिवक्ता ने युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भी जांच के लिए न्यायालय परिसर में पहुंच गये थे।
जिला जजी में आज उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब चैंबर नंबर 33 में पूर्व डीजीसी क्रिमिनल वीरेंद्र चतुर्वेदी से बात करते-करते नीलू परिहार नामक चर्चित युवती ने चीखना शुरू कर अपने हाथ को ब्लेड से काट लिया जिससे उससे खून बहने लगा। घबराये वीरेंद्र चतुर्वेदी व अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह युवती के हाथ से ब्लेड छीनकर फेका। इससे पूरी बार में हलचल मच गई। गौरतलब है कि इसके पहले भी एक बार नीलू परिहार कोतवाली परिसर में ब्लेड से अपने हाथ की नस काट चुकी है।
बहरहाल घटना के बाद वीरेंद्र चतुर्वेदी शिकायत करने पुलिस कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी को पूरे वाकये की जानकारी दी। बाद में इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए उन्होंने कोतवाली में भी एक तहरीर दी है।

Leave a comment