कोंच-उरई । पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकारी और गैरसरकारी स्तर पर वृहद् वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत मंगलवार को एसडीएम लल्लनराम ने बस स्टैंड के समीप स्थित जिला परिषद् जूनियर हाईस्कूल परिसर में पौधारोपण किया। उधर, ब्लॉक प्रमुख ऐंद्रकुमार सिंह निरंजन ने भी पौधारोपण करते हुए लोगों से अधिकाधिक पेड़ लगाने और और लगे हुये बृक्षों को बचाने की जरूरत बताई।

कोंच बस स्टैंड के समीप स्थित स्कूल में एसडीएम ने आधा दर्जन पौधे रोपे और कहा कि वृक्ष धरती के श्रृंगार तो हैं ही, यह हमारे पर्यावरण को बचाने में भी अपनी महती भूमिका निभाते हैं सो समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने जीवन में अन्य कार्यों की तरह पेड़ लगाने और उसकी परवरिश करने का काम भी जरूर करे, इससे बड़ा पुण्य कार्य और कोई हो ही नहीं सकता है। विकास खंड के ग्राम भदारी की जनता वाटिका में संपन्न हुए पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए ब्लॉक प्रमुख ऐंद्रकुमार निरंजन ने कहा कि धरा की सुंदरता वृक्षों से होती है हमारे धार्मिक ग्रंथो में धरती को मां समान माना गया है इसलिए जरूरी है कि हम सब धरती मां को वृक्षों की चुनरी ओढायें। इस अवसर अशोक निरंजन, देवेन्द्र, देववती, हरनारायण, हरीसिंह, महेश राजपूत, सुशीलकुमार आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment