कोंच-उरई । एसडीएम के खिलाफ लामबंद वकीलों की हड़ताल खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं और ये हड़ताल जारी रखने का फैसला मंगलवार को हुई बारसंघ की बैठक में ले लिया गया है। इसी के साथ उन वकीलों को भी लंबी फटकार लगाई गई जो गुपचुप तरीके से एसडीएम से मेल मिलाप करते हैं।

मंगलवार को तहसील परिसर स्थित विजय बारहदरी में बारसंघ की अहम् बैठक संघ के उपाध्यक्ष वीरेन्द्रसिंह जाटव की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें एसडीएम के खिलाफ वकीलों के चले आ रहे कार्य बहिष्कार की समीक्षा की गई और सर्वसम्मति से फैसला हुआ कि अभी हड़ताल जारी रहेगी। इसी के साथ एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। दरअसल, बैठक का कोई तय एजेंडा तो था नहीं लेकिन एसडीएम और वकीलों के बीच खिंची तलवारों के बीच इस तरह की सुगबुगाहट आई थी कि कुछ वकील गुपचुप तरीके से एसडीएम से न केवल मिलते हैं बल्कि काम काज भी कर रहे हैं। बहरहाल, बैठक में ऐसे वकीलों के नाम तो उजागर नहीं किये गये लेकिन इशारों इशारों में परोक्ष रूप से ऐसे वकीलों को बार के सभी वकीलों ने कड़ी फटकार लगाते हुये आइंदा इस तरह की हरकत कर बार एकता को कमजोर करने की कोशिश नहीं करने की चेतावनी दे डाली। अगली बैठक नौ अगस्त को होने का भी ऐलान किया गया जिसमें जिला बार के किसी प्रतिनिधि को बुलाने पर सहमति बनी। इस दौरान विनोद अग्निहोत्री, केबी निरंजन, ओमप्रकाश कौशिक, शौकतअली, अंबरीश रस्तोगी, कुलदीप निरंजन, विपिन पटेल, अमित श्रीवास्तव, अवधेश दीक्षित, हल्केसिंह बघेल, सुभाष श्रीवास्तव, रामशरण कुशवाहा, सरनामसिंह यादव, संजीव तिवारी, कमलेश चोपड़ा सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a comment