* कई बकरियों और मुर्गों को अपना भोजन बना चुके हैं ये मगरमच्छ, ग्रामीण दहशत में

कोंच-उरई । वन विभाग की उदासीनता के कारण ईंगुई गांव के ग्रामीणों के दिन और रातें दहशत में गुजर रहे हैं। इसका कारण गांव के तालाब में उछलकूद मचा रहे पांच मगरमच्छ हैं। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में आई गांव की दर्जनों महिलाओं ने एसडीएम से शिकायत की कि पांच माह पहले तालाब में सिर्फ दो मगरमच्छ थे और ग्रामीणों ने कई दफा अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन समस्या पर कान नहीं देने के कारण इन मगरमच्छों की संख्या बढ कर पांच हो गई है। ये मगरमच्छ अब तक कई बकरियां और मुर्गे चट कर चुके हैं और दहशत के मारे ग्रामीणों ने तालाब की तरफ जाना ही बंद कर दिया है।

विकास खंड कोंच के ग्राम ईंगुई कलां से थोड़ी ही दूरी पर वेतवा नदी बहती है। यहां से नहर भ्ज्ञी निकली है और पांच माह पूर्व नहर के रास्ते दो मगरमच्छ गांव के तालाब में आ गये थे। इन मगरमच्छों के कारण भयभीत ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से भी की लेकिन वन विभाग ने इस समस्या पर ज्यादा बजन नहीं लिया जिसके चलते समस्या अब और भी बड़ी हो गई है। दो से बढ कर मगरमच्छों की संख्या अब पांच हो गई है। इन मगरमच्छों ने कई जानवरों को अपना निवाला बना लिया है। दहशतजदा ग्रामीण और बच्चों ने तालाब की तरफ जाना तक बंद कर दिया है। मंगलवार को साधना, बबलीदेवी, कमलेशकुमारी, सरोज, अर्चना, भावना, सिद्घकुंवर, संतोषी, सुनीता आदि दर्जन भर महिलाओं ने इस विकट समस्या के निदान के लिये एक बार फिर अधिकारियों के यहां गुहार लगाई है। अधिकारियों ने महिलाओं को समस्या के निदान का पूरा भरोसा दिया है।

 

 

Leave a comment