उरई। भाजपा के मंत्री ने मुसलमानों की बदहाली पर अफसोस जाहिर कर सभी को चौका दिया। उत्तर प्रदेश के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहा कि देश में मुसलमानों की आबादी 21 प्रतिशत है। लेकिन इसके बावजूद महत्वपूर्ण पदों पर उनकी मौजूदगी नही दिखाई देती। उन्होंने इसका ठीकरा संकेतों में कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि यह शोचनीय प्रश्न हैं कि पिछले 70 वर्षों में मुसलमानों की दुर्दशा के लिए किसे जिम्मेदार माना जाये।
सत्यदेव पचौरी राजकीय पुस्तकालय में शुरू किये गये जालौन कैरियर प्रोग्राम के उदघाटन के अवसर पर सभा को संबोधित कर रहे थे। इसमें से 400 मेधावी छात्रों के बीच परीक्षा कराकर चयनित किये गये 30 छात्रों को संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की निःशुल्क कोचिंग दी जायेगी। यह कार्यक्रम जालौन जिले में विशेष रूप से शुरू किया गया है।
सत्यदेव पचौरी ने कहा कि समाज में सभी वर्गों को आगे बढ़ाने की जरूरत है तभी समाज आगे मजबूत होगा। इसके लिए जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम करने को आगे आना चाहिए। उन्होनें शिक्षा के व्यवसायीकरण पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इसके कारण शिक्षा गरीबों की पहुंच से दूर हो गई है जिसके चलते उत्तर प्रदेश पिछड़ रहा है।
श्री पचौरी ने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था उत्कृष्ट थी लेकिन मैकाले की शिक्षा ने इसका बेड़ा गर्ग कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शुरू की गई इस व्यवस्था से उन छात्रों को लाभ मिलेगा जिनके अभिभावक धनाभाव में उन्हें किसी महानगर में बड़ी कोचिंग में नही भेज पाते थे। उन्होंने अन्य जनपदों से भी यहां की पहल का अनुकरण करने की अपील की।
सत्यदेव पचौरी ने बताया कि गांव में लोगों को सोलर चरखे वितरित करने की रूपरेखा तैयार की गई है तांकि गरीबों को स्वालंबन का अवसर मिले और उनका पलायन रोका जा सके। इसके पहले उन्होंने मशहूर चित्रकार रोहित विनायक द्वारा कालपी के हाथ कागज उद्योग से बनाई गईं कृतियों की प्रदर्शनी का उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे कालपी के हाथ कागज की ब्रांडिंग को बल मिलेगा। कालपी के हाथ कागज का चयन वन डिस्ट्रिक वन इंडस्ट्री के तहत किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा के नेता और कार्यकर्ता, जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद के साथ कार्यक्रम के संयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल उपस्थित थे। बाद में मंत्री ने चुर्खी रोड पर नव निर्मित सीसी रोड का उदघाटन भी किया।






Leave a comment