उरई। पुलिस की अवैध वसूली की शिकायत करना महिला को भारी पड़ा। इसके कारण पुलिस महिला के घर धमकी देने पहुंच गई कि अगर उसने शिकायत वापस न ली तो उसके पति और पुत्र के खिलाफ दर्जनों मुकदमें लाद दिये जायेगें।
गोहन थाने के ग्राम बदनपुरा की निवासिनी मुन्नी देवी पत्नी राजेश कुमार ने बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक को दिये प्रार्थनापत्र में बताया कि वह दलित बिरादरी की अशिक्षित महिला है। गत 24 जुलाई को उसके थाने का सिपाही हेमंत सिंह अज्ञात लोगों के साथ उसके घर अवैध वसूली करने आया था। इस दौरान उन लोगों ने धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
मुन्नी देवी ने इसकी शिकायत पुलिस उच्चाधिकारियों को भेज दी। जिससे नाराज होकर गत 6 अगस्त को थाने का एक दरोगा सिपाही को साथ लेकर उसके घर आया और पूंछने लगा कि तुमने हेमंत की शिकायत की है। जैसे ही उसने हां कहा दरोगा और सिपाही उसे धमकाने पर आमादा हो गये। बोले कि शिकायत वापस ले लो वरना तुम्हारे पति और लड़के पर इतने मुकदमे लाद दिये जायेगें कि जमानत कराकर कभी बाहर नही आ पायेगें।
मुन्नी देवी का कहना है कि इसके बाद से वह और उसके घरवाले सो नही पा रहे हैं क्योंकि पूरा परिवार बुरी तरह आतंकित है। अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने माधौगढ़ के क्षेत्राधिकारी को जांच भेजते हुए उनसे कहा है कि अगर आरोप सही हों तो आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये।

Leave a comment