उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र के हसनपुर में गत रात घर के बाहर सो रहे वृद्ध पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। वृद्ध की पत्नी ने गांव के ही एक व्यक्ति को इस हमले के लिए जिम्मेदार बताया है। हालांकि मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
उक्त थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में घर के बाहर सोते समय जागेश्वर (65वर्ष) पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। जिससे उनकी उंगली और पैर की हडडी कट गई। वे 108 एंबुलेंस सेवा से गांव वालों की सूचना पर पहले कुठौद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया इसके बाद रेफर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जागेश्वर की पत्नी छुन्नी देवी ने गांव के ही गब्बू पुत्र रूपसिंह के खिलाफ तहरीर देकर इस हमले का आरोप लगाया है। दूसरी ओर ग्रामीण बता रहे हैं कि घायल का दामाद चुर्खी का रहने वाला है। जिससे उसकी लड़की की नही बनती। पांच साल से दामाद ने उसकी लड़की को छोड़ रखा है। कई बार इस बात पर झगड़ा हो चुका है। घटना के दिन दामाद गांव में आया था। गांव वाले घटना को इसके साथ जोड़ रहे हैं। शंकरपुर चौकी इंचार्ज कमल प्रताप सिंह से पूंछा तो उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।

Leave a comment