उरई। माधौगढ़ थाने में सिरसा दोगढ़ी में गुरुवार को एक युवक को घर के अंदर सांकल से बांधकर गोली मार दी गई। पुलिस ने इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में चार लोग शामिल बताये गये हैं।
उक्त ग्राम में वीरबहादुर सिंह के मकान में रोहित (20वर्ष) पुत्र ब्रह्मवीर सिंह की आज दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का पता लगभग दो घंटे बाद लगा। जिस पर गांव वालों से खबर पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। उस समय वीरबहादुर सिंह के घर वारदात के सबूत मिटाये जा रहे थे। वारदात की जगह पड़े खून के धब्बों को गोबर से लीप दिया गया था।
घटना की जानकारी से पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस के बाद एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी फोरंसिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे। घटना के बारे में प्रारंभिक जानकारी मेें पता चला है कि रोहित सूरत में हीरा तराशने का काम करता था। वह कुछ ही समय पहले गांव आया था। इस दौरान एक दिन उसकी सोनू पुत्र आनंद सिंह से कहासुनी हो गई थी। इसी को लेकर आज उसकी हत्या का तानाबाना बुना गया। वीरबहादुर सिंह के सीआईएसएफ में कार्यरत पुत्र शैलेंद्र सिंह उर्फ बब्लू, विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ लला पुत्र उदय पाल सिंह, सोनू पुत्र आनंद सिंह और कल्लू पुत्र शेरू ने पहले शैलेंद्र सिंह के यहां शराब पी और इसके बाद किसी तरह रोहित को बुला लिया और उसे कुत्ते की सांकल में बांधकर गोली मार दी। पुलिस ने एक रायफल और एक तमंचा इस सिलसिले में बरामद किया है। फोरेंसिक टीम के अनुमान के अनुसार रोहित पर तंमचे से गोली चलाई गई। शैलेंद्र सिंह और विश्वनाथ प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस की जांच जारी है।

Leave a comment