उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में पड़ोस के गांव के रहने वाले युवक अकेली सो रही किशोरी के यहां घुस गये और उसके साथ उन्होंने रात भर दरिंदगी की। किशोरी की हालत गंभीर है। आरोपी युवकों को पुलिस ने दबोच लिया है।
कुठौंद थाने के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी गुरुवार की रात घर में अकेली सो रही थी। उसके परिवार के लोग उसकी मां का इलाज कराने के लिए बाहर चले गये थे। इस बात की भनक होने की वजह से पड़ोस के शेखपुर अहीर गांव के रहने वाले नीरज उर्फ रामनरेश पुत्र केशव सिंह और गोपाल यादव पुत्र सरमन यादव देर रात उसके घर में घुस आये और उसे दबोचकर रात भर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी लहूलुहान होकर बेहोश हो गई तो दोनों भाग खड़े हुए। बाद में होश में आने पर किशोरी ने फोन से परिजनों और कुठौंद पुलिस को सूचना दी। कुठौंद पुलिस महिला उप निरीक्षक के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में किशोरी का लाया गया। जहां से हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे पहले जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद मेडिकल कालेज झांसी ले जाया गया।
इस बीच किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर रेप करने और पास्को एक्ट का मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। जिससे दोनों आरोपी दबोच लिए गये। उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a comment