उरई। कदौरा क्षेत्र में प्रधान को धमकी देने वाले शातिर को पुलिस ने धरदबोचा तो उसके पास से तमंचा बरामद हुआ। लिखा पढ़ी करके पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
विवरण के अनुसार गत माह बड़ागांव निवासी मुक्ता व उसके साथी संजय ने तमंचा लहराते हुए गांव में आतंक फैलाया था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस में कर दी थी। मुक्ता का पिता जग्गे कुख्यात अपराधी है जिसके विरुद्ध संगीन धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमें कायम हैं।
जग्गे को उसके लड़के के खिलाफ पुलिस में शिकायत के पीछे प्रधान का हाथ होने का संदेह हुआ। जिसकी वजह से उसने प्रधान रूप सिंह को सरेआम धमकाया। प्रधान इसके बाद पुलिस की शरण में पहुंचे। जग्गे के आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस ने प्रधान की शिकायत को गंभीरता से संज्ञान में लिया और बीती रात उसके घर दबिश दे दी। इस दौरान उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस मिले। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने जग्गे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।

Leave a comment