उरई। स्वाधीनता दिवस को गरिमा के साथ पूरी धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां की गई हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वाधीनता दिवस समारोह की शुरूआत प्रातः 6.30 बजे माहिल तालाब स्थित गांधी पार्क से होगी। 7.00 बजे नगर में स्थित महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जायेगा। 8.00 बजे सभी सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण होगा। 9.00 बजे विकास भवन में शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम होगा। उधर कालपी रोड स्थित इंदिरा स्टेडियम से क्रास कंट्री रेस शुरू की जायेगी।
10.00 बजे प्रातः सभी विद्यालयों में खेलकूंद एवं वृक्षारोपण होगा। 11.00 बजे गांधी चबूतरा, ठड़ेश्वरी मंदिर एवं छत्रसाल इंटर कालेज जालौन स्थित गांधी चबूतरा पर रामधुन व अन्य कार्यक्रम होगें। अपरान्ह 12.30 बजे से 1.00 बजे तक तुलसी नगर की मलिन बस्ती में मिठाई वितरण एवं संगोष्ठी होगी। 1.30 बजे जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किये जायेंगे। अपरान्ह 2.00 बजे राजकीय बालिका इंटर कालेज में निबंध, पैटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होगीं। 2.30 बजे शांति नगर स्थित अंध विद्यालय में फल वितरण किया जायेगा। 5.00 बजे टाउनहाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगें।
सभी नगर क्षेत्रों में अधिशाषी अधिकारियों को 15 अगस्त को प्रातः 6.00 बजे से लाउडस्पीकर लगवाकर देश भक्ति के गानों का प्रसारण कराने को कहा गया है। 14 अगस्त व 15 अगस्त की रात में सरकारी कार्यालयों व भवनों में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े एतिहासिक स्मारकों को प्रकाशित कराने के निर्देश दिये गये हैं।
डीएम ने हिदायत दी है कि बच्चों को प्लास्टिक के तिरंगे झंडे न दें। इसके लिए बच्चों में खुद पेंट करके तिरंगा बनाने की प्रतियोगिता कराई जायें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्लास्टिक से आजादी लेनी होगी। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a comment