* स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घरों पर छोड़ कर बापिस आ रही थी वैन

* भीड़ लगी देख बापिस लौटने के चक्कर में ट्रैक्टर भी उलट गया खेत में

कोंच-उरई । शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, नहर पटरी पर जा रही एक स्कूल वैन का ड्राइवर स्टेयरिंग के ऊपर से अपना संतुलन खो बैठा और वैन नहर में जा गिरी। गनीमत यह थी कि वैन खाली थी, उसमें सिर्फ ड्राइवर अकेला ही था जिसे मामूली चोटें आईं हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद वैन ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को छोड़ कर बापिस आ रही थी। अगर जाते वक्त यह हादसा हुआ होता तो बड़ी घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसी बीच वहां से एक ट्रैक्टर गुजर रहा था, ट्रैक्टर ड्राइवर ने भीड़ लगी देख ट्रैक्टर बैक करने का मन बनाया लेकिन उसका भी संतुलन बिगड़ गया और वह खेत में उलट गया। खेत में पानी भरा होने की बजह से ड्राइवर बाल बाल बच गया।

जानकारी के मुताबिक कस्बे के एक नामचीन शिक्षण संस्थान ऐबेनेजर पब्लिक स्कूल की छुट्टी लगभग एक बजे हुई थी। स्कूल में कई गांवों के भी बच्चे पढने आते हैं जिन्हें लाने ले जाने के लिये स्कूली वाहन लगे हैं। शनिवार को स्कूल की मैजिक गाड़ी समीपस्थ ग्राम घुसिया व उसी साइड के कुछ और गांवों के बच्चों को छोडऩे गई थी। बच्चों को छोड़ कर मैजिक नहर पटरी के सर्विस रोड पर आ रही थी तभी अचानक मैजिक ड्राइवर भवानीशंकर निवासी गांधीनगर अपना संतुलन खो बैठा और मैजिक नहर में जा गिरी। ड्राइवर को मामूली चोटें आईं हैं। आसपास मौजूद लोगों ने जब स्कूल वैन नहर में गिरते देखी तो वे दौड़ पड़े और ड्राइवर को बाहर निकाला। बाद में स्कूल प्रबंधक एएक्स जोसेफ भी अपने सहयोगी अध्यापकों के साथ मौके पर पहुंच गये थे। मैजिक ड्राइवर की अगर मानें तो चलती गाड़ी में एक पक्षी उड़ कर उसके अंदर आ गया और उसने चेहरे पर चोंच मार दी जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इसी बीच एक ट्रैक्टर वहां से गुजरा लेकिन उसने वहां भीड़ भाड़ देखी तो बापिस लौटना चाहा। उसने ट्रैक्टर बैक किया लेकिन वह भी असंतुलित होकर बगल के खेत में औंधे मुंह जा गिरा। खेत में पानी होने की बजह से ट्रैक्टर ड्राइवर भी बाल बाल बच गया। बाद में जेसीबी की मदद से मैजिक व ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। लोगों ने यह सोच कर ईश्वर का धन्यवाद किया कि मैजिक में बच्चे नहीं थे अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

 

Leave a comment