उरई। जालौन कस्बे में लौना रोड पर रविवार को एक लाइनमैन की मौत उस समय हो गई जब वह खंभे पर बिजली ठीक कर रहा था तभी करंट की चपेट में आ गया। मृतक के परिजनों ने इसके लिए बिजली विभाग के ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया।
मृतक के चाचा राजकुमार कुशवाहा ने पुलिस को दिये प्रार्थनापत्र में बताया कि उसका भतीजा श्रीराम (20वर्ष) पुत्र महेंद्र लहरियापुरवा उरई निवासी विद्युत ठेकेदार मुन्ना प्रजापति के अधीन काम करता था। रविवार को जालौन में लौना रोड पर लाइट खराब हो जाने की सूचना पर ठेकेदार ने श्रीराम को बुलवाया और बिना लाइन बंद कराये उसे खंभे पर चढ़ा दिया। जिससे करंट लग जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
नवयुवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां बिलख-बिलख कर रोते हुए पछाड़ खा रही थी। राजकुमार कुशवाहा ने पुलिस से ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा लिखकर भतीजे की मौत का मुआवजा दिलाने की मांग की है।






Leave a comment