
कोंच-उरई । रविवार को कोतवाली पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एक चोरी की बाइक भी बरामद की है। चोरों से पुलिस की पूछताछ चल रही है, उम्मीद है कि उनसे और भी बाइकें बरामद हो सकती हैं।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर कोतवाल देवेन्द्र सिंह की अगुवाई में मंडी चौकी इंचार्ज वीरेन्द्रसिंह, सागर चौकी इंचार्ज सर्वेशकुमार, सिपाही देशवीर, बबलूकुमार आदि पंचानन चौराहे पर चेकिंग अभियान चल रहा था तभी तेजी से आती एक बाइक पुलिस देख कर भाग खड़ी हुई। पुलिस को कुछ संदेह हुआ लिहाजा सिपाहियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बाइक पर सवार दो युवकों से पूछताछ की गई तो वे उल्टे सीधे जबाब देने लगे। पुलिस ने कोतवाली लाकर जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की तो वे टूट गये। उन्होंने बताया कि वह बाइक चोरी की है जो उन्होंने औरैया के पास से चुराई थी। पकड़े गये युवकों के नाम करन राजपूत पुत्र ब्रजेश निवासी ऊमरी थाना रामपुरा तथा प्रशांत गौरव पुत्र सुरेन्द्रसिंह निवासी सिरसा कलार बताये गये हैं। पुलिस के मुताबिक ये बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं, इनसे अभी और भी पूछताछ की जा रही है, संभव है कि कुछ और चुराई गई बाइकों का सुराग मिल जाये।






Leave a comment