उरई। स्वाधीनता दिवस पर बुधवार को जिले भर में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों व अन्य संस्थानों में धूमधाम से रंगारंग समारोह आयोजित हुए। इसी कड़ी में संस्कार फाउंडेशन स्कूल में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव दादी ने झंडा रोहण के साथ स्वाधीनता पर्व के कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण के बाद महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जलित किया। समाजवादी युवजन सभा के पूर्व शहर अध्यक्ष संजीव तिवारी सीटू और संस्था के डायरेक्टर आदेश वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि वीरपाल दादी, रविंद्र दाऊ डकोर, पार्टी के पूर्व जिला सचिव तेज प्रताप यादव और वरिष्ठ समाजवादी नेता चुन्ना रिजवी का माल्यार्पण करके स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में वीरपाल दादी ने कहा कि आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजी हुकूमत से संघर्ष में बहुत कुर्बानियां दीं। जिन्हें आज के दिन याद करके देश के लिए मौका पड़ने पर वर्तमान पीढ़ी को उसी तरह की कुर्बानी की स्वयं को प्रस्तुत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, सरदार भगत सिंह आदि विभूतियों को इस उपलक्ष्य में श्रद्धाजंलि अर्पित की। साथ ही स्कूल के बच्चों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य इंदु दीक्षित, दिव्या सेंगर, महिमा श्रीवास्तव, दीपिका चैहान, आस्था, अनिल पटेल, दीपक तिवारी, आरोही आदि समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a comment