उरई। कालपी की एतिहासिक लंका मीनार पर नागपंचमी का पारंपरिक मेला आयोजित किया गया जिसमें भारी भीड़ भाड़ रही। इस अवसर पर दंगल का भी आयोजन किया गया। लंका मीनार के परिसर में विशाल मेला और दंगल के नागपंचमी के उपलक्ष्य में आयोजन की परंपरा 175 वर्षों से अनवरत चली आ रही है।
रामलीला में रावण का रोल करने वाले स्व. बाबू मथुरा प्रसाद निगम ने इसकी शुरूआत की थी। इसके बाद बृजेंद्र निगम ने इसकी कमान संभाली। वे भी अब काफी वृद्ध हो चुके हैं। अब मेले का संचालन विवेक निगम और राजकुमार निगम के द्वारा किया जाता है। विदित हो कि लंका मीनार के बाहर 365 फिट लंबे नाग देवता और 275 फिट लंबी नागिन का जोड़ बना हुआ है।
नाग पंचमी के दंगल का उदघाटन नावागंतुक उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने किया। नायब तहसीलदार कालपी, नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जीवन अहिरवार तथा समाजसेवी अनीस की भी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
वयोवृद्ध पत्रकार और मेला के संरक्षक बृजेंद्र निगम ने दंगल का पूजन किया। जिसमें 10 वर्ष से लेकर 35 वर्ष तक के पहलवानों ने अपने दाव दिखाये। दंगल में वर्षों से रेफरी की भूमिका का निर्वाह करने वालें बुंदेलखंड केसरी उम्र दराज पहलवान मूलचंद्र शर्मा ने कुश्ती के फैसलें सुनाये। दगंल में कालपी नगर के अतिरिक्त कानपुर, उरई तथा घाटमपुर के पहलवानों ने भाग लिया।
पहली कुश्ती गोपाल पहलवान कानपुर तथा विजय पहलवान कालपी के बीच में हुई। जिसमें कानपुर के पहलवान ने बेहतरीन दांव लगाकर कालपी के विजय को एक मिनट में चारों खाने चित कर दिया। दूसरी कुश्ती कांटे की रही जिसमें विजय पहलवान मंगरौल को चित करने में सत्यप्रकाश कीरतपुर को पसीना छूट गया। उरई के पहलवान अली ने इसके बाद सत्यप्रकाश को चैलेंज किया और गजब की फुर्ती दिखाते हुए उन्हें पछाड़ लगा दिया। अली ने एक और कुश्ती जीती जिसमें घाटमपुर के पहलवान को चित कर आसानी से जीत हासिल कर ली। आखिर में दंगल हांकने वाले अली पहलवान से कीरतपुर के एक और पहलवान संजय सिंह ने हाथ मिलाया और तीन मिनट में उनकों धूल चटा दी। हजारों की संख्या में दंगल देख रहे शौकीनों ने संजय सिंह का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। सबसे कांटे की कुश्ती देवेंद्र निषाद कीरतपुर और बहादुर निषाद कालपी के बीच में हुई। जो 10 मिनट तक चली लेकिन मुकाबला बराबरी पर छूटा। इस कुश्ती के निर्णय पर सहयोगी, रेफरी फौजी और असद पठान सहमत नही दिखे। परंतु रेफरी का निर्णय अंतिम और मान्य रहा। इसी तरह अरमान, कपिल, रेहान और मुख्तार आदि के बीच में भी रोमांचक कुश्तियां हुईं। फ्री स्टाइल कुश्ती का प्रदर्शन सत्यप्रकाश पहलवान और दयाशंकर पहलवान कीरतपुर ने किया। जिसमें दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ और खुब तालियां बजीं। दंगल में हरीनारायण, कोमल सिंह, बाबा पहलवान, नीलू दीक्षित, लल्ला सेंगर, लल्लन सेंगर आदि ने उपस्थित रहकर पहलवानों का उत्साह वर्धन किया।






Leave a comment