उरई। कदौरा थाना क्षेत्र के बागी गांव में बीती रात घर में सो रहे मां-बेटे की धारदार हथियारों से काट कर नृशंस हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना की खबर मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि इस घटना को जमीन को लेकर चली आ रही पारिवारिक रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी ले लिया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार उक्त ग्राम में भगवती प्रसाद तिवारी एडवोकेट के घर में उनकी दीवार फांदकर बीती रात लगभग 1ः00 बजे सशस्त्र लोग घुस आये और उन्होंने उनकी पत्नी मुन्नी देवी (55वर्ष) और पुत्र कुलदीप (27वर्ष) की धारदार हथियारों से काटकर बर्बरता पूर्वक हत्या कर डाली। घटना के समय भगवती प्रसाद बाहर गये हुए थे। शनिवार को सुबह पड़ोस के लोग जब उनके घर किसी काम से गये और दरवाजे न खुलने पर उन्होंने छत के रास्ते से झांककर देखा तो मां-बेटे के क्षत-विक्षत लहूलुहान शव देखकर उनके होश उड़ गये। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गये। प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी भी जांच के लिए पहुंचे। बाद में झांसी से परिक्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक सुभाष बघेल ने भी बागी पहुंचकर घटना की छानबीन की।
पुलिस की लोगों की पूंछतांछ में जो जानकारी प्रकाश में आई है। उसके मुताबिक पुश्तैनी जमीन को लेकर भगवती प्रसाद की परिवार के लोगों से ही रंजिश चल रही थी। हमलावरों की संख्या पांच होने की जानकारी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया है। हालांकि अभी कोई औपचारिक गिरफ्तारी नही की गई है। हिरासत में लिए गये लोगों से कड़ाई से पूंछतांछ की जा रही है।






Leave a comment