उरई। रामपुरा थाने की जगम्मनपुर चौकी के इंचार्ज पर एक विधवा के साथ दबंगी करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
विवरण के अनुसार जगम्मनपुर चौकी के अंतर्गत हुसेपुरा जागीर में ज्ञानवती रहती हैं। जिनके पति की मृत्यु हो चुकी है। उनका छोटा लड़का बाहर मजदूरी करता है जबकि बड़ा लड़का उनके साथ रहता है। एक दिन जब वे चबूतरे पर लेटी हुईं थी तो रात में उनके पड़ोसी जगदीश पुत्र लालजू, महेश पुत्र लालजू और कल्लू पुत्र महेश ने अकारण उसे गालियां देना शुरू कर दीं। उनका बड़ा लड़का उस दिन बाहर गया हुआ था। उन्होंने इसकी जानकारी गांव में प्रधान और अन्य लोगों को दी। इसके बाद उन लोगों ने उसके घर के किनारे के नाली बरसात के समय खोद दी जिससे नमी के कारण उसका कच्चा मकान गिर गया। इस दौरान भी उसका बड़ा लड़का मौजूद नही था। बाद में जब उसका लड़का आया तो उसने पूरी जानकारी दी। जिस पर वह चौकी पहुंचा और इंचार्ज को मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दे दी। इसमें चौकी इंचार्ज यश वर्मा पहले आरोपी जगदीश प्रसाद को पकड़ कर ले आये और दो घंटे चौकी पर रखा लेकिन इसी दौरान उनकी सैटिंग हो गई। जिससे चौकी इंचार्ज ने उसे छोड़ दिया। इसका उलाहना जब वे और उसका लड़का चौकी इंचार्ज को देने के लिए उनके पास पहुंचा तो चौकी इंचार्ज ने भी उसके साथ गाली-गलौज की। इसकी शिकायत जन सुनवाई पोर्टल पर करने पर चौकी इंचार्ज ने गलत रिपोर्ट लगाकर उसे और उसके लड़के को ही आरोपित करने की कोशिश कर डाली। ज्ञानवती का कहना है कि चौकी इंचार्ज के संरक्षण के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हो गये हैं और वे लोग कभी भी मेरे साथ बड़ी घटना कर सकते हैं।

Leave a comment