उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में मां-बेटे की बर्बर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही खुलासा कर दिया है। घटना को लेकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों से पूंछतांछ में वारदात के पीछे जमीन को लेकर पारिवारिक रंजिश की पुष्टि हो गई है। हत्या के अलावा वारदात के दौरान नगदी, जेवरात सहित भारी डकैती भी की गई थी। उनकी निशानदेही पर माल भी बरामद कर लिया गया है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी ने रविवार को आनन-फानन बुलाई गयी पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि कदौरा थाने के बागी गांव में शुक्रवार की रात भगवती प्रसाद तिवारी एडवोकेट की पत्नी मुन्नी देवी और उनके बेटे कुलदीप की हत्या कर लगभग आधा किलो वजन के सोने और चांदी के जेवरात व नगदी लूटी जाने के मामले का पर्दाफाश हो गया है। भगवती प्रसाद तिवारी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ दोहरी हत्या और डकैती का नामजद मामला कायम किया गया था। थाना कदौरा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की टीमें बनाकर उन्हें नामित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुटाया गया था। तत्पर कार्रवाई के चलते रविवार को इनमें से चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए गये। एसपी ने इनके नाम ज्ञानप्रकाश तिवारी उसके दो बेटे कृष्णा और अनुराग उर्फ अंशू व अनुपम उर्फ बाबा बताये हैं। पांचवे फरार आरोपी शंशाक उर्फ लालू दुबे की तलाश जारी है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने दावा किया कि पकड़े गये आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है और किस तरह वारदात की इसका ब्यौरा उगल दिया है। वारदात में प्रयोग किया गया 315 बोर का तमंचा, दो छुरियां, आला कत्ल, दो खुरपी और डकैती में ले जाया गया तमाम माल भी इनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
वारदात का मास्टर माइंड ज्ञानप्रकाश उर्फ चच्चू शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ 32 मामले पहले से चल रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में कालपी सर्किल के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम भी मौजूद थे।

Leave a comment