उरई। माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में सोमवार की रात न्यू मंगलम गेस्ट हाउस में तीजोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मनाया गया। उल्लेखनीय बात यह रही कि इसमें माहेश्वरी महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्पना मगरानी (मुबंई) व दिल्ली, आगरा और कानपुर की कई पदाधिकारियों ने शामिल होकर स्थानीय इकाई का उत्साह बढ़ाया। माहेश्वरी महिला मंडल की शहर अध्यक्ष रंजना माहेश्वरी के नेतृत्व में उर्मिला भटटर, ममता भटटर, दीपा भटटर, गीता मालपानी, प्रियंका राठी और वर्षा भटटर ने इत्र, पुष्प और लाल चुनरी का दुप्पटा व चांदी का तुलसी पौधा देकर राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य अतिथि पदाधिकारियों का स्वागत किया और उनके आगमन पर आभार जताया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत धार्मिक प्रश्नोत्तरी भी हुई। जिसमें मंडल की सदस्यों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिन दंपत्तियों के विवाह के 50 साल पूरे हो गये हैं उन्हें इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया। लेख लिखों प्रतियोगिता में उच्च स्थान पर रही तीन बहनों को पुरस्कृत किया गया। नारंगी लाल साड़ियों में बहनें कार्यक्रम में निराली छटा बिखेर रहीं थीं। माहेश्वरी महिला मंडल की शहर अध्यक्ष रंजना माहेश्वरी ने बाद में कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों के आने से शहर की बहनों का मनोबल बढ़ा है। इससे समाज को मजबूती मिलेगी।

Leave a comment