उरई। सत्ता की हनक में कुठौंद में मिटटी का अवैध खनन चरम सीमा पर चल रहा है। अधिकारी भी राजनैतिक कोप से बचने के लिए इसकी अनदेखी कर रहे हैं। हद तो तब हो गई जब प्रशासन की चुप्पी से हौसला बुलंद हो जाने के कारण भाजपा के दबंग स्थानीय कार्यकर्ता ने कब्जा करने के लिए मिटटी डालकर तालाब को ही पाटना शुरू कर दिया। रोकने पर एक पत्रकार को भी धमकी देने में गुरेज नही किया। जिसे लेकर थाने में तहरीर दे दी गई है।
पिंकू, सोनू, दीपू, बासू, आशू आदि कुठौंद ब्लाक क्षेत्र के ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि कुठीला निवासी बृजराज यादव कई दिनों से नाहिली में बांध के पास से जेसीबी से मिटटी उठाकर ट्रैक्टरों के जरिये बेंच रहा है। वह अपने आप को सत्तारूढ़ पार्टी के एक कददावर जनप्रतिनिधि का खास बताता है। जिसकी वजह से अधिकारी उसकी ओर निगाह तक करने में डरते हैं।
इस बीच बृजराज यादव ने गत रात कुठौंद में बाजार के रास्ते के तालाब में 20 ट्राली मिटटी डलवा दी। तालाब पर पहले से ही कई लोगों ने कब्जा करके मकान बना रखे हैं। बृजराज यादव की भी मंशा कुछ इसी तरह की मालूम हो रही है। उधर इस दौरान पुलिया के बगल में भी उसने मिटटी भरवा दी जिससे पानी की निकासी रुक जाने के कारण घरों में पानी भरने का खतरा बढ़ता नजर आने लगा है। गत दिनों बारिश में जल निकासी अवरुद्ध होने के कारण ही घरों में पानी भर जाने पर लोगों ने जाम लगा दिया था। जिसे खुलवाने में प्रशासन और पुलिस को नाकों चने चबाने पड़ गये थे। इस कारण एक पत्रकार ने बृजराज यादव को तालाब की पुराई कराने से रोका तो बृजराज ने उसे देख लेने की धमकी दे डाली। इसके बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। पत्रकार ने बृजराज के खिलाफ थाने में तहरीर भी दे डाली है।

Leave a comment