उरई। ईद-उल-अजहा का त्यौहार पूरे जनपद में बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सुबह ईदगाह समेत शहर की करीब एक दर्जन से अधिक मस्जिदों में नमाज अता कराई गई। बाद में नमाजियों ने मुल्क और शहर के अमन-चैन की दुआ मांगी।
ईदगाह पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी पहुंचे। उन्होंने नमाज अता होने के बाद लोगों से गले मिलकर उन्हें त्यौहार की मुबारकबाद दी। वहीं राजनैतिक दलों के नेताओं ने भी पंडाल लगाकर नमाजियों को बधाई दी। नमाज के दौरान सभी मस्जिदों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
करसान रोड स्थित सुन्नी ईदगाह पर शाही इमाम फिरोज रहमानी, स्टेशन रोड स्थित मस्जिद में हाफिज अब्दुल जब्बार, बजरिया की नबी की मस्जिद में शहर इमाम मंजूर बरकाती और बघौरा वाली मस्जिद में अजीज रजा, कसाई मंडी स्थित कुरैशियान मस्जिद में इमाम अनवार बरकाती, आजाद नगर स्थित बड़ी मस्जिद में इमाम काजी हसन बरकाती, पटेल नगर स्थित नूरानी मस्जिद में इमाम काजी मुस्तकीम, रामनगर स्थित ईदगाह में मौलाना मो. मियां नदवी, बजरिया रोड पर जामा मस्जिद में मुफ्ती तलहा अंसारी, बल्लभ नगर स्थित सिया इमामियां मस्जिद में मौलाना गुलफाम हुसैन ने नमाज अता कराई।






Leave a comment