* मामला कैलिया थाने के ग्राम ब्यौना राजा का
* कोंच में पुरानी जर्जर दीवार गिरी, बड़ी घटना टली
कोंच-उरई। कोंच तहसील क्षेत्र के दो अलग अलग इलाकों में घर और मकान की दीवार गिरने के मामले प्रकाश में आये हैं। पहली घटना विकास खंड नदीगांव के ग्राम ब्यौना राजा की है जहां बारिश के कारण कच्चा घर गिरने से दो महिलायें घायल हो गई हैं, घायलों को सीएचसी ले जाया गया है। दूसरी घटना कस्बे के लाजपत नगर मोहल्ले की है जहां एक पुराने मकान की जर्जर दीवार भरभरा कर गिरने से बाइक मलवे में दब गई। गनीमत यह रही कि उस वक्त कोई आदमी वहां मौजूद नहीं था जिससे बड़ी घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक बारिश का पानी कच्चे घर में बैठने से ग्राम ब्यौना राजा में श्यामपाल का कच्चा घर भरभरा कर धराशाई हो गया। जिस वक्त घर गिरा उस वक्त दो महिलायें वहां मौजूद थीं जो मलबे में दब कर घायल हो गईं। घायलों गीता देवी (32) पत्नी संतोष पाल तथा विनीता देवी (27) पत्नी रामपाल को आनन फानन ग्रामीणों ने मलबे से निकाला और सीएचसी कोंच ले जाकर भर्ती कराया। सूचना पर कैलिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। लेखपाल महेन्द्र पटेल ने भी मौके पर जाकर पड़ताल की है। तहसीलदार भूपाल सिंह का कहना है कि लेखपाल की रिपोर्ट आते ही पीडि़त को सरकारी इमदाद प्रदान कर दी जायेगी। दूसरी घटना कस्बे के मोहल्ला लाजपत नगर की है जहां नवलकिशोर व श्यामबाबू पुत्रगण जयनारायण का पुराना जर्जर मकान है लेकिन ये लोग जवाहर नगर में रहने के कारण मकान खाली पड़ा रहता है। शनिवार की सुबह उस मकान की दावार अचानक ही ढह गई जिससे वहां भगदड़ मच गई। गिरी दीवार के मलबे में एक बाइक तथा दो साइकिलें दब कर क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर एसडीएम लल्लनराम तथा कोतवाल देवेन्द्र सिंह भी पहुंच गये थे। पड़ोस में रहने बाले अखिलेशकुमार पुत्र रामस्वरूप, सिद्घगोपाल पुत्र रामनाथ, अनुज व अतुल राठौर ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि उक्त दो मंजिला मकान बहुत ही जर्जर स्थिति में है और कभी भी ढह कर बड़ा हादसा कर सकता है लिहाजा इसे गिरवाया जाये।






Leave a comment