* बारिश की परवाह न करते हुये पोलिंग बूथों तक पहुंचे मतदाता, अस्सी प्रतिशत से भी ज्यादा पड़े वोट

* त्योहार जैसा उत्साह दिखा मतदाताओं में

कोंच। ग्राम प्रधान सिमिरिया गुलाब सिंह के असमय निधन से रिक्त हुये प्रधान पद के उपचुनाव में शनिवार को हुये मतदान में जम कर वोटों की बारिश हुई। आसमान बादलों से घिरे होने और बूंदाबांदी के बाबजूद मतदाता अपने घरों से निकल कर पोलिंग बूथों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे तक 77 फीसदी मतदान हुआ। मतदाताओं में त्योहार जैसा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये थे। चुनाव में छह प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

विकास खंड कोंच के ग्राम सिमिरिया में शनिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से मतदान प्रारंभ हो गया था। मतदान के प्रति रुझाान का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि बारिश की बूंदों के बीच भी युवा वर्ग अपने मत का प्रयोग करने के लिये कतारबद्घ खड़े रहे जबकि बुजुर्गों ने बूंदाबांदी बंद हो जाने के बाद मतदान के अंतिम क्षणों में पोलिंग बूथ जाकर अपना वोट डाला। आरओ वीके राय एवं एआरओ वीरसिंह यादव ने बताया कि गांवसभा में कुल 1415 वोटों के सापेक्ष 1087 यानी 76.81 प्रतिशत वोट डाले गये। मतदान केन्द्र प्राथमिक विद्यालय बालक में दो बूथ बनाये गये थे जिनमें बूथ संख्या 163 पर कुल 370 मतों के सापेक्ष 286 तथा बूथ संख्या 164 पर कुल 380 मतों के सापेक्ष 305 मतदाताओं ने वोट डाला। दूसरे केन्द्र कन्या प्राथमिक विद्यालय बूथ संख्या 165 पर कुल 665 मतों के सापेक्ष कुल 496 वोट डाले गये। महिलाओं ने भी बढचढ कर मतदान में अपनी भागीदारी निभाई। जोनल मजिस्ट्रेट तहसीलदार भूपाल सिंह लगातार पूरी मतदान प्रक्रिया पर नजर रखे रहे। एसडीएम लल्लनराम तथा सीओ संदीप वर्मा भी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे। कोतवाल देवेन्द्र सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मतदेय स्थलों पर मौजूद रहे।

बूढों ने भी डाला अपना वोट

शनिवार को सिमिरिया में संपन्न ग्राम प्रधानी के उपचुनाव में एक एक वोट का कितना महत्व है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घरों में खाट पकड़े पड़े बूढों को भी उनके नाती पोते मतदेय स्थलों तक ले गये और उनका वोट डलवाया। 85 बर्षीय शकुंतला जो चलने फिरने में दिक्कत महसूस करती हैं, को उनके घर के सदस्य सहारा देकर बूथ तक ले गये और उनका वोट डलवाया।

 

 

Leave a comment