उरई। शराब के नशे में चूर दबंगों ने दुकान से सौदा लेने आये गांव के ही एक व्यक्ति को अकारण गालियां देनी शुरू कर दीं। उसके विरोध करने पर दबंग उस टूट पड़े। पीड़ित की पत्नी बचाने आई तो उसे भी नही बख्शा। पुलिस में शिकायत कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने कहा है कि जांच कर उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
गांवों के बिगड़ते हालातों के बीच आटा थाने के ग्राम भदरेखी में दुकान से सामान लेने आये बाराती पांचाल के साथ शराब के नशे में चूर रामनरेश, जीत बहादुर और अतर यादव गाली-गलौज करने लगे। पहले तो बराती पांचाल को समझ में ही नही आया कि उससे क्या खता हो गई जो उसे बेइज्जत किया जा रहा है। लेकिन जब समझ में आया कि वे लोग नशे की वजह से उपद्रव पर आमादा है तो उसने उन्हें कायदे से बात करने को कहकर रोकना चाहा। इस पर तीनों और भड़क गये और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जानकारी पाकर उसकी पत्नी गोमती अपने पति के बचाव के लिए दौड़ी तो तीनों ने उसके महिला होने का कोई ख्याल न रखते हुए उस पर भी हाथ-पांव चला दिये।
थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें पीड़ित की शिकायत मिली है। इस तरह की अराजकता को बर्दाश्त नही किया जायेगा। जांच करके तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment