उरई। जिले की स्वाट और सर्विलांस टीम ने पांच ट्रक लुटेरों को दबोच लिया है। उनसे जोल्हूपुर के समीप लूटा गया ट्रक, कार और दो तमंचे भी बरामद हुए हैं।
गत 12-13 अगस्त की दरमियानी रात भोगिनीपुर से ईंट लेकर मध्य प्रदेश जा रहे ट्रक में रक्सा के पास अज्ञात बदमाश सवार हो गये। जिन्होंने ड्राइवर व हैल्पर के हाथ-पैर बांध दिये और वापस ट्रक को कालपी की ओर ले आये। जहां जोल्हूपुर के पास उन्होंने ड्राइवर व हैल्पर को बाहर फेंक दिया और ईंटों सहित पूरा ट्रक लेकर फरार हो गये।
इस सनसनीखेज घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक ने थाना कालपी के अलावा स्वाट और सर्विलांस टीम को भी जुटा दिया था। सुरागरशी के दौरान पुलिस की टीमों ने बदमाशों की पहचान कर ली। मंगलवार को सुबह इनमें से तीन सुमित उर्फ मोतीलाल निवासी ग्राम गहोलिया थाना रूरा जिला कानपुर देहात, समीर उर्फ राजू खां थाना नबावगंज जनपद इलाहाबाद और सत्येंद्र पाल सिंह उर्फ कालू निवासी ग्राम नगला बख्त थाना सकरौली जिला एटा को अकबरपुर के पास घेरकर दबोच लिया गया। इनके पास से दो तमंचे और दो कारतूस मिले।
पूंछतांछ में पता चला कि समीर उर्फ राजू खां वारदात का मास्टमाइंड था। वह स्विफ्ट गाड़ी से वारदात के समय शिवनाथ और रंजीत के साथ आया और उन लोगों के साथ योजना बनाकर उन्हें सवारी के रूप में ट्रक में बैठा दिया जबकि स्वयं पीछे-पीछे कार से चलता हुआ निर्देशन करता रहा।
वारदात के बाद ट्रक में लोड ईंटें उन्होंने रास्ते में ही बेंच दी थीं। इसके बाद समीर ने ही ट्रक बिकवाने की सौदा एक आदमी से तय कराई। जिसमें कुछ एडवांस भी ले लिया गया था। यह ट्रक सिलीगुड़ी दार्जिलिंग में बेंचा जा रहा था। जिसके लिए वहां का खरीददार विक्की प्रसाद अपने ड्राइवर हारून के साथ आया था। पुलिस ने तीनों को साथ लेकर उनकी निशानदेही पर मलवा से 60 किलोमीटर आगे बिंदकी तिराहे पर विक्की प्रसाद और हारून को भी मय ट्रक के दबोच लिया। समीर की कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि सुमित, समीर और सत्येंद्र पाल सिंह के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर कालपी के प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्र, सर्विलांस टीम के प्रभारी महेश दुबे, उनकी टीम के आरक्षी सोएब आलम, धीरेंद्र, स्वाट टीम के शैलेंद्र चैहान, नीतू कुमार, शैलेंद्र चैबे, मनोज कुमार, कालपी थाने के प्रवीन कुमार, रामलखन और कांस्टेबिल चालक अवनीश कुमार की सराहना की। पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी और कालपी के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम भी मौजूद थे।

Leave a comment