कालपी-उरई। साम्प्रदायिक सौहाद्र को मजबूत करने के इरादे से नवागंतुक उप जिलाधिकारी ने नगर के मस्जिदों के इमामों तथा इस्लामिक विद्वानों के साथ सौजन्य बैठक कर विभिन्न मुददों पर उनके साथ विचार विमर्श किया। उप जिलाधिकारी की इस पहल का सकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है।
मुफ्ती-ए-शहर मौलाना अशफाक अहमद बरकाती के साथ इमामों के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला से उनके आवास पर मुलाकात करके उन्हें कालपी नगरी के एतिहासिक और मजहबी स्थलों के बारे में अवगत कराया। इस दौरान कालपी क्षेत्र के विभिन्न मुददों पर खुले दिमाग से चर्चा की गई।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि यह देश विविधिताओं वाला है लेकिन यही इसकी मजबूती है। समाज में सभी समुदायों में भाईचारे की भावना और शांतिपूर्ण सह अस्तित्व से तरक्की तथा खुशहाली का माहौल बनता है। उन्होंने इस मामले में कालपी के इतिहास को सराहा। साथ ही आश्वासन दिया कि क्षेत्र की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ आप सभी लोगों को विश्वास में लेकर निस्तारण कराया जायेगा।
बैठक में बड़ी मस्जिद के पेश इमाम तथा मदरसा गौसिया मजीदिया के मैनेजर हाफिज मोहम्मद इरशाद अशरफी, मौलाना साजिद, हाजी अल्लामा, मुजीब अहमद, वरिष्ठ पत्रकार सलीम अंसारी प्रमुख रूप से मौजूद थे। सभी ने बकरीद तथा रक्षाबंधन के त्यौहारों को कुशलता पूर्वक सम्पन्न कराने के लिए उप जिलाधिकारी को बधाई दी।

Leave a comment