कुठौंद-उरई। बरसात में यहां की मुख्य सड़क कई जगह तालाब में तब्दील हो गई है। जिसकी वजह से आवागमन वाधित हो रहा है। हादसों का भी जोखिम बढ़ गया है।
जालौन-औरैया मार्ग की सड़क को व्यस्ततम माना जाता है। जिसे अब फोरलेन बनाया जा रहा है। लेकिन फिलहाल यह महत्वपूर्ण सड़क पूरी तरह दुर्दशा ग्रस्त है। राज्य सरकार के गडढा मुक्त अभियान को सड़क की दशा कई जगह मुंह चिढ़ा रही थी। इसलिए पानी बरसते ही कुठौंद और आसपास सड़क में बड़े-बड़े गडढों में तालाब से भर गये हैं।
कुठौंद पैट्रोल पंप से लेकर नहर कोठी तक, बरियापुर बंबी से हरसिंगपुर तक, मदारीपुर पोस्ट आफिस से लेकर मदारीपुर बंबी तक और हदरुख पुल के पास सड़क का यह नजारा साफ दिखाई देता है। इन जगहों पर सड़क के गडढों में पानी भरा होने से बड़े वाहन तक आये दिन दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। फिर भी प्रशासन के कानों पर जूं नही रेंग रही। कुठौंद के पिंकू महंत, अनिमेष दुबे, आदित्य जादौन, जसवीर, विष्णु, मदारीपुर के सुनील श्रीवास्तव, रामलखन, सोनू, खन्ने बाथम, हेमू त्रिपाठी और पुजारी आदि ने सुरक्षा के लिए सड़क के गडढे तत्काल भरवाने की मांग प्रशासन से की है।






Leave a comment