उरई। जिले में सर्प दंश से लोगों की अकाल मौत का सिलसिला तेज है। रामपुरा थाने के जगम्मनपुर गांव में बीती रात एक युवती की मौत सांप के काट लेने से हो गई।
जगम्मनपुर निवासी शिवशंकर सिंह उर्फ कल्लू चंदेल की विवाहिता पुत्री रेखा देवी पत्नी तेज सिंह अपने मायके आई हुई थी। वह बुधवार को जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। तभी रात लगभग डेढ़ बजे किसी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। घरवालों को जैसे ही इसकी जानकारी हुई वे तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले गये। जहां डाक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद भी हालत न सुधरने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी डाक्टर उसकी हालत पर नियंत्रण न कर सके। इस कारण जिला अस्पताल से भी उसे रेफर किया गया। इसके बाद जब उसे मेडिकल कालेज झांसी के लिए ले जाया जा रहा था उस समय रास्ते में ही उसके प्राण पखेरू उड़ गये।
एक अन्य घटना माधौगढ़ थाना अंतर्गत रजपुरा की है। जहां मसान बाबा के स्थान पर रह रहे साधु दयानंद सरस्वती के हाथ में किसी सर्प ने डस लिया। गांव वाले उन्हें तत्काल सामुदायिक केंद्र रामपुरा ले गये। जहां इलाज के बाद उनकी जान बच गई।

Leave a comment