* सीएमओ ने सीएचसी के निरीक्षण में खोजी कमियां, दूर करने के दिये निर्देश

कोंच-उरई । सीएमओ डॉ. अल्पना बरथरिया ने गुरुवार को सीएचसी कोंच का औचक निरीक्षण किया जिसमें मरीजों को एक्स-रे सुविधा नहीं मिलने की बात एक बार फिर सामने आई। सीएमओ ने भी पहले की भांति एक बार फिर भरोसा दिया कि जल्दी ही टेक्नीशियन की व्यवस्था कराई जायेगी। उन्होंने अस्पताल का अंदर बाहर सब तरफ से मुआयना किया और विभागों का भी निरीक्षण किया जहां छोटी मोटी खामियां पाई और उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिये।

सीएमओ डॉ. बरथरिया ने अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था देखी और कमोवेश उसे ठीक ठाक पाया। जेएसवाई के भुगतान की समीक्षा भी उन्होंने की जिसमें उन्हें फिलवक्त कोई खामी नहीं नजर आई। प्रसूताओं को दिये जाने बाले भोजन की भी व्यवस्था उन्होंने देखी। इसी बीच मरीजों की ओर से शिकायत की गई कि अस्पताल में एक्स-रे मशीन होने के बाबजूद मरीजों को इस सुविधा का लाभ नहीं दिया जा रहा है और उन्हें बाहर से एक्स-रे कराना पड़ता है जिसमें गरीबों का बहुत पैसा खर्च होता है। सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला से जब उन्होंने इस बाबत पूछा तो बताया गया कि यहां तैनात टेक्नीशियन किसी आपराधिक मामले में पिछले लगभग दो साल से जेल में है और उसके स्थान पर कोई दूसरा टेक्नीशियन अभी तक भेजा नहीं गया है जिसके चलते मशीन अनुपयोगी पड़ी है। सीएमओ ने पिछले कई बार की तरह एक बार फिर भरोसा दिया कि जल्दी ही टेक्नीशियन का बंदोबस्त कराया जायेगा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि कोंच सीएचसी का नाम कायाकल्प में भेजा गया है जिसके अंतर्गत उपलब्ध व्यवस्थाओं में और भी बेहतर करना प्रमुख है।

 

 

रोगी कल्याण समिति की बैठक हुई

रोगियों को शासन द्वारा प्रदत्त सभी सुविधायें मिल रहीं हैं कि नहीं, इसकी मॉनीटरिंग के लिये बनाई गई रोगी कल्याण समिति की बैठक गुरुवार को सीएचसी में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुये एसडीएम लल्लनराम ने सीएचसी प्रशासन को ताकीद की कि रोगियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कटौती अक्षम्य होगी लिहाजा जो भी सुविधा शासन से अनुमन्य हैं वे रोगियों को मिलनी ही चाहिये। खासतौर पर साफ सफाई, रोशनी और स्वच्छ पेयजल रोगियों को मुहैया कराये जायें। इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला, डॉ. कौशल किशोर, डॉ. सविता पटेल, केशव बबेले आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a comment