कालपी-उरई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में घर-घर जाकर अफसरों की टीम ने नगर के बाशिंदों को शौचालय का निर्माण कराने के लिए प्रेरित किया।
रविवार को एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध गौतम, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे, सफाई निरीक्षक विपिन कुमार सिंह के साथ दर्जनों सफाई कर्मचारियों ने रावगंज, महमूदपुरा, तरीबुल्ला आदि मोहल्लों का पैदल भ्रमण किया। जिन गृह स्वामियों ने शौचालय के लिए शासकीय अनुदानित धनराशि की किस्त नगर पालिका प्रशासन से लेकर भी घर में शौचालय का निर्माण नही कराया है ऐसे करीब सैकड़ा भर गृहस्वामियों को चिन्हित करके घर-घर जाकर अफसरों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी ने ऐसे गृहस्वामियों को चेतावनी दी कि वे जल्द ही शौचालय बनवा लें अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि आधा दर्जन सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि नगर के समस्त 25 बार्डों को खुले में शौच से मुक्त कर ओडीएफ घोषित किया जा चुका है।






Leave a comment