उरई। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भाजपा नेता को जानलेवा हमले के तहत गोली मारे जाने के मामले में जालौन जिले में ग्वालियर पुलिस की धरपकड़ अभी थमी नही है। रविवार को ग्वालियर पुलिस की टीम ने छानबीन में वांछित एक आरोपी को हिरासत में लेने के लिए कस्बा जालौन के मुरली मनोहर मोहल्ले में छापामारी की।
मालूम रहे कि ग्वालियर के थाना हजीरा इलाके में कुछ दिनों पहले भाजपा नेता महेंद्र सिंह वैश्य को गोली मार दी गई थी जिसमें कुठौंद के कौशल किशोर का नाम सामने आया था। इस बीच जालौन से महेंद्र सिंह वैश्य को एक फोन किया गया जिसमें उनके द्वारा मुकदमा रफा-दफा न करने पर हत्या की धमकी दी गई। ग्वालियर पुलिस द्वारा सीडीआर से फोन करने वाले की पहचान कर ली गई। जिसमें जालौन कस्बे के मुरली मनोहर निवासी मोनू महाराज का नाम सामने आया। आज ग्वालियर पुलिस ने मोनू महाराज के घर दबिश दी। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नही चढ़ सका। ग्वालियर पुलिस की टीम ने बताया कि स्थानीय सहयोग न मिलने की वजह से मोनू महाराज आज की दबिश में स्लिप हो गया। लेकिन टीम ने जालौन पुलिस के सहयोग से जल्द ही महेंद्र सिंह वैश्य पर हमले के सभी संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिए जाने की आशा जताई है।






Leave a comment