जालौन-उरे8इ । बंगरा मार्ग पर स्थित गल्ला मंडी तथा सब्जी मंडी में चारों तरफ गंदगी फैली है। मंडी में गंदगी के कारण व्यापारी व किसान सभी परेशान हैं। इसके बाद भी मंडी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

कृषि उत्पादन मंडी तथा थोक सब्जी मंडी में इस समय गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही है। मंडी में फैली गन्दगी के कारण मंडी में सुअर तथा आवारा जानवर हर समय घूमते रहते हैं। मंडी में गंदगी का आलम यह है कि मंडी सचिव कार्यालय में अंदर जाने तक की जगह नहीं है। कार्यालय परिसर में फैली गंदगी के कारण कार्यालय में घुसना भी मुश्किल हो रहा है। मंडी से निकलने वाले खराब अनाज व गंदगी को उठाने की व्यवस्था नहीं है। नालियां गंदगी से बजबजा रही है। नाम न छापने की शर्त पर व्यापारियों ने बताया कि ठेकेदार सचिव के करीबी होने के कारण वह सफाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं। इसके बाद भी मंडी प्रशासन ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। मोहम्मद सोहराब, फारुख, आमिर, कल्लू सिराज आदि ने उपजिलाधिकारी से गल्ला मंडी व थोक सब्जी मंडी में सफाई कराने की मांग की है।

Leave a comment