उरई। पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि के विरोध में आयोजित भारत बंद के दौरान सोमवार को जिला मुख्यालय पर बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को समर्थन दिया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी माले ने अलग-अलग प्रदर्शन किये। बहुजन समाज पार्टी ने विरोधियों के इस बंद से दूरी बनाये रखी।
डीजल, पेट्रोल की मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को सरकार के विरोध में भारत बंद का आवाहन किया था। जिसका समर्थन दूसरी कई पार्टियों ने भी किया। इसके दौरान आज जिला मुख्यालय पर दोपहर तक बाजार में सारी दुकानें बंद रहीं। हालांकि दोपहर बाद काफी हद तक बाजार खुल गया था।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी और जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर चौधरी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए राजमार्ग पर जुलूस निकाला जिसमें खासी भीड़ देखी गई। बाद में कांग्रेसियों के जुलूस का समापन माहिल तालाब पर पहुंचकर गांधी प्रतिमा के सामने हुआ। जुलूस में रेहान सिददीकी, आशीष चतुर्वेदी, महेश तिवारी पिरौना, अरविंद सिंह सेंगर आदि मुख्य रूप से शामिल थे।
उधर समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के नेतृृत्व में हंगामी धरना दिया। जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री चुन्ना हुसैन, तारिक, नत्थू सिंह कुशवाहा, जयदेव यादव, शफीकुर्रहमान कश्फी, वीरेंद्र सिंह यादव आदि मुख्य रूप से शामिल थे। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने जमकर केंद्र और राज्य सरकार की बखिया उधेड़ी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने उग्र तेवर दिखाये। एक टोली ने कलेक्ट्रेट गेट को बंद करके उसमें ताला लगाने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने दौड़कर उन्हें जैसे-तैसे खदेड़ा। इस दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ यादव, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष हिमांशु ठाकुर और लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिनेश जैसारी सहित कुछा कार्यकर्ता हिरासत में भी लिए गये जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने भी रामसिंह चौधरी और राजीव कुशवाहा के नेतृत्व में लाल झंडों के साथ कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जेपी सिंह को सौंपा।






Leave a comment